झाबुआ: राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित एकता दौड़ में कलेक्टर डॉ. भरसट ने भी लगाई दौड़
झाबुआ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिला मुख्यालय पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर जिला मुख्यालय में एकता दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों सहित स्कूली छात्र छात्राओं एवं नागरिकों ने सहभागिता की। आयोजित कार्यक्रम सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जन-जागरूकता को समर्पित रहा।
एकता दौड़ का शुभारंभ प्रातः जिला मुख्यालय स्थित राजगढ़ नाका से किया गया, और फिर राजगढ़ नाका से प्रारंभ हुई एकता दौड़ पुलिस लाइन तिराहा एवं कलेक्टर कार्यालय होते हुए जेल चौराहा पर संपन्न हुई। आयोजित दौड़ में दौड़ में जिला कलेक्टर डॉ योगेश तुकाराम भरसट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
एकता दौड़ शुभारंभ के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री निर्मला भूरिया सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में उनके ऐतिहासिक योगदान का स्मरण किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में युवा पीढ़ी का आव्हान करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि युवा पीढ़ी सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर देश को एकता के सूत्र में बांधे।
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके योगदान एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए प्रतिवर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। उन्होंने विशेष रूप से युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलकर देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।
राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में युवा पीढ़ी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जिला कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के अथक परिश्रम एवं दृढ़ संकल्प से देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ आधार मिला। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र के साथ-साथ झाबुआ जिले की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में सक्रिय योगदान दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा