जयंतीकुंज सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को नवम्बर तक शुरू करायें - उप मुख्यमंत्री शुक्ल
उप मुख्यमंत्री ने सीवरेज निर्माण कार्यों के संबंध में अधिकारियों को दिये निर्देश
भोपाल, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शनिवार काे रीवा नगर निगम में चल रहे सीवरेज निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने जयंतीकुंज सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के सुधार कार्य का निरीक्षण किया।
मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जयंतीकुंज एसटीपी का सुधार कार्य तत्काल शुरू करें। इस 12 एमएलडी क्षमता के प्लांट से 10 हजार से अधिक घरों से आने वाले गंदे पानी को साफ किया जायेगा। इसे चालू करने के लिए पुरानी मशीनों के स्थान पर नई मशीनें लगाये। आवश्यक सिविल वर्क भी तत्काल शुरू कर दें। इसका निर्माण कार्य नवम्बर माह तक पूरा कराके इसे शुरू करायें। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के शुरू हो जाने से नगर की बड़ी आवादी को लाभ मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एसटीपी के सुधार कार्य के साथ-साथ लगभग 10 हजार घरों का सीवर लाइन से कनेक्शन का कार्य भी अक्टूबर माह तक पूरा करा लें जिससे प्लांट शुरू होते ही सीवरेज की सफाई का कार्य शुरू हो जाय। सीवरेज लाइन निर्माण के लिए खोदी गई सड़कों में सुधार कार्य तत्परता से करायें। चिरहुला मंदिर रोड, गोविंदगढ़ रोड तथा पीटीएस रोड में सुधार कार्य तत्काल शुरू करें। उप मुख्यमंत्री ने चोरहटा से रतहरा माडल रोड की साफ-सफाई, भारी वाहनों को शहर में प्रवेश न देने तथा पेयजल व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिये।
बैठक में आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन ने बताया कि जयंतीकुंज ट्रीटमेंट प्लांट को दिसंबर तक चालू कर दिया जायेगा। उन्होंने सीवरेज लाइन की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में नगरीय विकास विभाग के तकनीकी सलाहकार सेवानिवृत्त अधीक्षण यंत्री शैलेन्द्र शुक्ला एसटीपी के निर्माण के संबंध में तकनीकी पक्षों की जानकारी दी। निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि ने बैठक में बताया कि खराब मशीनों को बदलने का कार्य शुरू हो गया है। सिविल वर्क 15 दिन में शुरू कर दिया जायेगा। नवम्बर माह तक जयंतीकुंज एसटीपी के सुधार का कार्य पूरा हो जायेगा। सड़कों के सुधार का कार्य लगातार किया जा रहा है। घरों से सीवर लाइन में घरों से कनेक्शन तथा मुख्य सीवर लाइन से गलियों की लाइन से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। बैठक में नगर निगम के कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे