राजगढ़ः जनविश्वास शिविर में विधायक- कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं
राजगढ़, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को शहर के मंगल भवन में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। इसमें विधायक अमरसिंह यादव और कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने अलग-अलग विभागों से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे आवेदकों से सीधा संवाद किया।
अधिकारियों की मौजूदगी में आवेदकों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने विभागवार प्राप्त आवेदनों पर अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर प्रकरणों की स्थिति जानी और समय पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
विधायक अमरसिंह यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जनविश्वास अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और सरकारी सेवाओं को सरल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर में उद्यम संवाद भी आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभ लेकर अपना उद्योग और व्यवसाय शुरू करने वाले हितग्राहियों ने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें स्वरोजगार शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने में मदद की। अधिकारियों ने अन्य लोगों को भी योजनाओं का लाभ लेकर उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में स्वामित्व योजना के तहत बनेसिंह, हरिनारायण, प्रेमसिंह, अमृतलाल, अर्जुन, बीरमसिंह तंवर और कैलाशचन्द्र सहित अन्य हितग्राहियों को विधायक और कलेक्टर ने आवासीय मकानों की रजिस्ट्रियां सौंपीं। योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्र की संपत्तियों का अभिलेखीकरण कर मालिकों को वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे मकानों पर उनके अधिकारों को दस्तावेजी आधार मिलता है और भविष्य में संपत्ति संबंधी कार्यों में सुविधा होती है।
शिविर में प्राकृतिक आपदा के तहत पानी में डूबने से हुई दो मौतों के मामलों में आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की गई। ग्राम मोतीपुरा के धनसिंह पुत्र बिरम सिंह की पत्नी कैलाशी बाई और ग्राम आम्बा के चन्दर पुत्र गोकुल की बेटी राधिका की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर सहायता मंजूर की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक