राजगढ़ः मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत दूसरा शिविर ग्राम किला अमरगढ़ में आयोजित

 


राजगढ़, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को दूसरा शिविर ग्राम किला अमरगढ़ में आयोजित हुआ। मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और बालिकाओं की सरस्वती वंदना से शुरू हुए शिविर में विधायक अमरसिंह यादव, कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

विधायक यादव ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से सिंचाई पाइपलाइन को नुकसान नहीं पहुंचाने और बिजली के तार नहीं काटने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोहन्पुरा डैम क्षेत्र के लिए जीवनदायिनी है। एक व्यक्ति की लापरवाही से पाइप टूटने पर कई किसानों की सिंचाई प्रभावित होती है। उन्होंने जलकर, बिजली बिल और निर्धारित शुल्क समय पर जमा करने की भी अपील की।

विधायक ने कहा कि एसडीएम, तहसीलदार सहित अधिकारी आमजन की समस्याएं सुनने के लिए उपलब्ध हैं। ग्रामीण सहजता से अपनी बात रखें, समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने किसानों को रासायनिक कीटनाशकों का कम उपयोग करने, मक्का उत्पादन और पशुपालन को बढ़ावा देने तथा दुग्ध व्यवसाय के लिए शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की सलाह दी।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने ग्रामीणों से वन-टू-वन संवाद कर समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, बीपीएल व खाद्यान्न पात्रता पर्ची, आय प्रमाण-पत्र, सीमांकन, ईडब्ल्यूएस, नामांतरण, आधार सीडिंग और ई-केवाईसी से जुड़े प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

उद्यम संवाद में सुनीता प्रजापति ने बताया कि वर्ष 2010 से स्व-सहायता समूह से जुड़कर ऋण के माध्यम से व्यवसाय शुरू किया और आज लाखपति दीदी बनी हैं। भोलेनाथ और पार्वती स्व-सहायता समूह को 10-10 लाख रुपए की सहायता -ऋण राशि दी गई। वहीं विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों को लाखों रुपए की ऋण सहायता वितरित की गई। शिविर में पेंशन, संबल पंजीयन, राष्ट्रीय परिवार सहायता सहित अन्य योजनाओं का लाभ भी दिया गया। विधायक ने आत्मनिर्भर महिलाओं की सराहना करते हुए पुरुषों से भी उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक