चंदनगांव में शराब दुकान हटाने की मांग तेज, रहवासियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
छिंदवाड़ा, 26 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के चंदनगांव क्षेत्र में नागपुर रोड स्थित शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को सैकड़ों रहवासियों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर रहवासी इलाके से शराब दुकान को तत्काल हटाने की मांग की।
अस्पताल और स्कूल के पास होने पर आपत्ति
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित शराब दुकान मुख्य मार्ग नागपुर रोड पर स्थित है और इसके आसपास अस्पताल, स्कूल व घनी आबादी है। आरोप है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के कारण क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। रहवासियों के अनुसार, यह स्थिति क्षेत्र के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है।
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल
क्षेत्र की महिलाओं ने बताया कि दुकान के आसपास दिन-रात असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। नशे की हालत में गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे छात्राओं और महिलाओं को आवागमन में असुरक्षा महसूस होती है। साथ ही, पास के अस्पताल में भर्ती मरीजों को भी शोर-शराबे से परेशानी उठानी पड़ रही है।
टेंडर प्रक्रिया में बदलाव की मांग
रहवासियों ने मांग की है कि वर्ष 2026 की टेंडर प्रक्रिया में चंदनगांव नागपुर रोड की इस शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए। 26 फरवरी को जिला कलेक्ट्रेट में ज्ञापन अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन और चक्काजाम के लिए बाध्य होंगे।
नागरिकों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई है तथा आबकारी विभाग से नियमों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के जागरूक नागरिक और महिलाएं उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan