सागर: कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्या, जनसुनवाई में 270 आवेदनों पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश
सागर, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए 270 आवेदकों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर प्रतिभा पाल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक केवी समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने एक-एक कर सभी 270 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके दस्तावेजों का अवलोकन किया।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कई मामलों में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को फोन पर ही समस्या का तत्काल समाधान करने के आदेश दिए, जबकि जटिल मामलों को जांच के बाद समयसीमा के भीतर हल करने के निर्देश जारी किए।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश शासन की पहल पर प्रत्येक सप्ताह मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर काटने से बचाना और एक ही छत के नीचे उनकी शिकायतों की सुनवाई सुनिश्चित करना है। आज की इस जनसुनवाई से सैकड़ों आवेदकों को अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान की उम्मीद जागी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे