राजगढ़ः जन्माष्टमी पर खाटू धाम में सजेगा भक्ति का दरबार, भजन संध्या में गूंजेंगे श्याम के भजन

 


राजगढ़, 03 सितम्बर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शहर के अरनिया स्थित श्री खाटू श्याम धाम मंदिर में शुक्रवार को भक्ति और संगीत से सजी भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर में विशेष सजावट के साथ बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया जाएगा।

आयोजन को लेकर मंदिर समिति द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जन्माष्टमी पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर समिति ने गुरुवार को बताया कि भजन संध्या शुक्रवार शाम 7.30 बजे से प्रभु इच्छा तक आयोजित होगी। कार्यक्रम में जयपुर की प्रसिद्ध भजन गायिका कृपा पटेल और ब्यावरा के गायक धीरज सोनी अपनी भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। कलाकार भगवान श्रीकृष्ण और बाबा श्याम की महिमा से जुड़े भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे। श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और बाबा श्याम की भक्ति से जुड़े भजन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेंगे। भजन संध्या में संगीत संगत के लिए की बोर्ड पर विनोद शर्मा, ऑक्टापैड पर शिवम तिवारी और ढोलक पर स्नेहा शर्मा अपनी सेवाएं देंगे। कार्यक्रम की साउंड व्यवस्था बालाजी साउंड, ब्यावरा द्वारा संभाली जाएगी। वहीं, जो श्रद्धालु मंदिर नहीं पहुंच सकेंगे, उनके लिए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रेम वाणी स्टूडियो के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक