उज्जैन के इस्कॉन में 4 सितंबर को जन्माष्टमी, 5 को नंदोत्सव

 


उज्जैन, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन के महाश्वेता नगर स्थित इस्कॉन मंदिर में 23 अगस्त से धार्मिक उत्सव प्रारंभ हो जाएंगे। मुख्य आकर्षण 4 सितंबर को मनाई जाने वाली श्रीकृष्ण जन्माष्टमी होगी। मंदिर प्रबंधन ने आयोजनों की रूपरेखा तैयार कर ली है, जिसमें भगवान के महाभिषेक से लेकर वृंदावन के ख्यात संतों की कथाएं शामिल हैं।

जन्माष्टमी पर होगा महाभिषेक और 24 घंटे कीर्तनइस्कान जनसंपर्क अधिकारी राघव पण्डित दास ने शुक्रवार को बताया कि 4 सितंबर को इस्कॉन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जाएगा। इस दिन 24 घंटे कीर्तन, भगवान के विशेष दर्शन और श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी का आयोजन होगा। रात 10.30 बजे भगवान का महाभिषेक और रात्रि 12 बजे महाआरती होगी। जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में 1 और 2 सितंबर को बाल कथाकार मधुकंठ कथा करेंगे। पश्चात 3 से 5 सितंबर तक वृंदावन इस्कॉन भागवत महाविद्यालय के पूर्व प्रमुख श्रीपाद व्रजसुंदर प्रभु भगवान की लीलाओं का वर्णन करेंगे।

23 से झूलेंगे राधा-मदनमोहन, 28 को बलराम पूर्णिमाउन्होने बताया कि 23 से 28 अगस्त तक झूलन यात्रा पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान श्री राधा मदनमोहन फूलों से सुसज्जित झूले में विराजमान होंगे और भक्तों को उन्हें झूला झुलाने का सौभाग्य मिलेगा। साथ ही नियमित संकीर्तन होगा। 28 अगस्त को बलराम पूर्णिमा पर भगवान बलराम का आविर्भाव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर वृंदावन के कथाकार श्रीपाद शीर्ष प्रभु, भगवान बलराम के आविर्भाव और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर कथा करेंगे।

इसीप्रकार जन्माष्टमी के अगले दिन 5 सितंबर को मंदिर में नंदोत्सव मनाया जाएगा। इसी दिन इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद का 130वां जन्मोत्सव भी मनेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल