राजगढ़ः मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जनकल्याण शिविर आयोजित, मौके पर समस्याओं का हुआ निराकरण
राजगढ़, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा के बीआरसी भवन में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याण शिविर एवं दिव्यांगजन मेले का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर गिरीशकुमार मिश्रा एवं एसडीएम गोविंद कुमार दुबे के निर्देशन में किया गया। इसमें जनपद पंचायत ब्यावरा, नगर पालिका ब्यावरा और नगर परिषद सुठालिया क्षेत्र के हितग्राहियों ने भाग लिया। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा प्राप्त आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार के प्रतिनिधि के रूप में मोहन पंवार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसवंत गुर्जर, भाजपा नेता अमित शर्मा, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी, महामंत्री दीपक सामरे, विष्णू साहू, गोपाल बादशाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में मोहन पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला, युवा एवं दिव्यांगजनों को लगातार लाभान्वित किया जा रहा है। एसडीएम गोविंद दुबे ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनकल्याण शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक