सागर: जैसीनगर में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ पर छह राज्यों के कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां

 


सागर, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के जैसीनगर में रविवार को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि देश की आजादी और विकास में जनजातीय समाज का अमूल्य योगदान रहा है, लेकिन लंबे समय तक इनके महान नायकों को वह स्थान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत कर इनके इतिहास, वीरता और स्वाभिमान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। उन्होंने गर्व महसूस करते हुए कहा कि आज आदिवासी समुदाय की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू देश का सर्वोच्च पद संभाल रही हैं, जो पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। केंद्र और राज्य सरकार आदिवासी समाज के उत्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का जनजातीय लोक कलाकारों के साथ किया गया लोक नृत्य रहा। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे मंत्री को अपने बीच पाकर कलाकारों और उपस्थित जनसमूह ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश सहित कुल छह राज्यों के लोक कलाकारों ने हिस्सा लिया और अपनी मनमोहक लोक नृत्य व लोक गीत प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और 'वंदे मातरम्' के गान के साथ हुई। स्थानीय जनजातीय परंपरा का निर्वहन करते हुए अतिथियों का स्वागत महुआ के पत्तों की टोपी और महुआ की माला पहनाकर किया गया। इसके बाद अतिथियों ने समुदाय के लोगों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें भोजन वितरित किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, महाकौशल प्रांत सचिव अर्जुन सिंह मरकाम, जनपद अध्यक्ष रामबाबू सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भारती गोंड, श्रीमती ऊषा पटेल, जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे, एसडीएम नवीन सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

जैसीनगर के अलावा सागर शहर के मलैया मैरिज गार्डन में भी भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। यहां एक भव्य रैली निकाली गई जिसमें नागरिकों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। सागर नगर विधायक शैलेंद्र जैन, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार और अपर कलेक्टर अविनाश रावत ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि बिरसा मुंडा का जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए किया गया संघर्ष आज की युवा पीढ़ी के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे