जनार्दन मिश्रा के बयान के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, भोपाल सांसद आलोक शर्मा के बंगले का घेराव
भोपाल, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों को लेकर दिए गए बयान के विरोध में शुक्रवार को राजधानी भोपाल में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर और किसान कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने भोपाल सांसद आलोक शर्मा के निवास का घेराव कर उन्हें पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने मांग की कि सांसद आलोक शर्मा किसानों के सम्मान, अधिकारों और उनकी समस्याओं को संसद में उठाने के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष भी रखें।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भोपाल शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने जनार्दन मिश्रा के माफी मांगने के बावजूद उनके इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि किसान सालभर मेहनत कर और कर्ज की चुनौतियों के बीच फसल पैदा करते हैं। उनके योगदान का सम्मान होना चाहिए। सांसद के बयान से किसानों की भावनाएं आहत हुई हैं। केवल माफी मांग लेने से जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती। जनार्दन मिश्रा को नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। सक्सेना ने भाजपा के उन नेताओं की चुप्पी पर भी सवाल उठाए, जो स्वयं को किसान पुत्र और किसानों का हितैषी बताते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को भी इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
किसानों के मुद्दे संसद और मुख्यमंत्री के सामने उठाएं
भोपाल सांसद आलोक शर्मा के निवास का घेराव करने के सवाल पर प्रवीण सक्सेना ने कहा कि भोपाल के किसानों ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है। ऐसे में किसानों के सम्मान और अधिकारों के लिए आवाज उठाना उनकी जिम्मेदारी है। कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें किसानों की समस्याओं के प्रति ध्यान आकर्षित कराने पहुंचे हैं। उन्होंने मांग की कि सांसद किसानों के हितों से जुड़े मुद्दे संसद में उठाएं और मुख्यमंत्री के सामने भी उनकी समस्याएं रखें।
ज्ञापन में पांच प्रमुख मांगें शामिल
कांग्रेस की ओर से सौंपे गए पांच सूत्रीय ज्ञापन में किसानों की फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी सुनिश्चित करने, कर्जमाफी और किसानों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगें रखी गईं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों के अधिकारों और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी।
माफी के बाद भी जारी है विरोध
जनार्दन मिश्रा के बयान पर माफी मांगने के बावजूद कांग्रेस का विरोध जारी है। किसान कांग्रेस पहले ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, सांसद पद से इस्तीफा लेने और भाजपा से निष्कासित करने की मांग उठा चुकी है। शुक्रवार को भोपाल सांसद के आवास पर प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने इस मुद्दे को फिर उठाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक जनार्दन मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक किसानों के सम्मान का मुद्दा उठाते रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे