सागर: खण्ड स्तरीय शिविर में विधायक, कमिश्नर और कलेक्टर ने जनसमस्याएं सुनकर हितलाभ बांटे

 


सागर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026'के तहत शुक्रवार को विकासखण्ड केसली स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण में एक दिवसीय खण्ड स्तरीय विशाल शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सागर संभाग आयुक्त दिलीप कुमार, कलेक्टर प्रतिभा पाल और देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया ने प्रमुख रूप से शिरकत कर आम नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से आवेदन प्राप्त किए और विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के सख्त निर्देश दिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया ने कहा कि प्रशासन आपके द्वार की सोच के साथ यह अभियान शुरू किया गया है। शिविरों के माध्यम से जन-संवाद स्थापित कर सीधे आमजन की शिकायतें सुनी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की समस्या का समाधान ही जन विश्वास अभियान की असली आत्मा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के संकल्प का जिक्र करते हुए विधायक ने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि प्रत्येक नागरिक को अपने परिवार, गांव, प्रदेश और देश के प्रति जिम्मेदारियों को निभाते हुए अपने हिस्से का भारत विकसित करना होगा।

शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे सहित शासन-प्रशासन के सभी प्रमुख विभागों के जिला एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का पंजीयन कर उनकी समीक्षा और तय समय में पारदर्शी समाधान का आश्वासन दिया गया।

शिविर के मंच से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र व प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे