राजगढ़ःजन-विश्वास अभियान की समीक्षा में कलेक्टर की नाराजगी,एसडीओ को निलंबन नोटिस के निर्देश

 


राजगढ़, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत लंबित प्रकरणों और शिकायतों के निराकरण की स्थिति जानने के लिए कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक ली।कलेक्टर ने विभागवार पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।

बीज-कीटनाशक लाइसेंस की पेंडेंसी पर नाराजगी कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने बीज विक्रय और कीटनाशक विक्रय लाइसेंस से संबंधित लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। प्रकरणों के निराकरण में देरी सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कृषि विभाग की शिकायतों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान एसडीओ कृषि, खिलचीपुर द्वारा शिकायतों का निराकरण नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को निलंबन का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जनपदवार लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देश दिए कि समय-सीमा में आने वाले सभी मामलों का निर्धारित अवधि में निराकरण किया जाए। एसडीएम को भी अपने क्षेत्रों में लोक सेवा से जुड़े प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए।

ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि बिजली बिल में गड़बड़ी से संबंधित एक भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। प्रत्येक शिकायत का परीक्षण कर उपभोक्ता की संतुष्टि के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने कृषि विस्तार अधिकारियों के हड़ताल पर जाने के संबंध में कहा कि शासन से स्पष्ट मार्गदर्शन मिलने तक वेतन संबंधी कार्रवाई नियमानुसार की जाए। कलेक्टर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और संतुष्टिपूर्ण निराकरण है, इसलिए लोगों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक