राजगढ़ः जनकल्याण शिविर में उमड़े लोग, 185 का स्वास्थ्य परीक्षण
राजगढ़, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर विकासखंड में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर में गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा लाभ के लिए आवेदन किए।
शिविर में कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा जल निगम सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों के आवेदन स्वीकार कर आवश्यक कार्रवाई भी की।
कार्यक्रम में कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री गौतम टेटवाल और सांसद रोडमल नागर ने सहभागिता कर लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने नागरिकों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान कृषि विभाग ने फार्मर आईडी रजिस्ट्री के 117 और कृषक ई-केवाईसी के 94 प्रकरण दर्ज किए। स्वास्थ्य विभाग ने 185 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने लाड़ली लक्ष्मी योजना में 54 बालिकाओं का पंजीयन किया, जबकि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 158 हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया।
पंचायत विभाग ने संबल योजना के 11 नए पंजीयन किए। वहीं अंत्येष्टि सहायता योजना के 47 और अनुग्रह सहायता योजना के 15 पात्र परिवारों को लाभ दिया गया। शिविर में दुर्घटना में मृत लोगों के परिजनों को सहायता राशि के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। पहले दिन आयोजित कुकिंग प्रतियोगिता में स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। मंत्री टेटवाल ने कहा कि जनकल्याण शिविर जनता और शासन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु हैं, जबकि सांसद नागर ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक