राजगढ़ःभाजपा की ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ में उमड़ी महिला शक्ति,मंत्री पंवार ने कांग्रेस पर साधा निशाना

 


राजगढ़, 23 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा गुरुवार को आयोजित ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ एक व्यापक सामाजिक संदेश देने वाला कार्यक्रम बनकर सामने आया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साह के साथ पदयात्रा में भाग लिया और अपने अधिकार, सम्मान व भागीदारी को लेकर मजबूत आवाज उठाई।

कार्यक्रम में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार की मौजूदगी ने इसकी महत्ता और बढ़ा दी। पदयात्रा का शुभारंभ वैष्णोदेवी मंदिर से हुआ, जो पीपल चौराहा पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में ‘नारी शक्ति जिंदाबाद’ के नारे गूंजते रहे। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि समाज में नारी अधिकारों को लेकर अब जागरूकता के साथ मजबूत जनमत तैयार हो चुका है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पंवार ने कहा कि भारतीय संविधान ने महिलाओं को बराबरी का अधिकार दिया है, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों ने इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में राधा-कृष्ण, सीता-राम और गौरी-शंकर जैसे संबोधनों से स्पष्ट होता है कि नारी को समाज में सदैव सम्मान की दृष्टि से देखा गया है।

मंत्री पंवार ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 50-60 वर्षों के शासनकाल में महिला सशक्तिकरण को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद से ग्रसित है और सामान्य परिवारों की सशक्त महिलाओं के आगे आने से उन्हें भय होता है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा इसका विरोध करना महिलाओं के अधिकारों के विरुद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले दस वर्षों में महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। आज की महिला केवल जागरूक नहीं, बल्कि हर स्तर पर अपनी निर्णायक भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

पदयात्रा में नीलम सक्सेना, रुचि बड़ोने, पुष्पा मोहन पंवार, आशा शर्मा, मोना सुस्तानी, डॉ. नमिता जैन, हेमलता शर्मा,पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव, दिलवर यादव, देवीसिंह चौहान, पवन कुशवाह, राजू यादव, गोपाल जाटव, विष्णु साहू सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भी भागीदारी निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक