धारः दामाद ने चलाई ससुर पर गोली, छर्रे लगने से बुजुर्ग गंभीर घायल

 


धार, 19 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिला मुख्यालय के समीप ग्राम गुणावद में रविवार देर रात दामाद ने ससुर को गोली मार दी, जिसमें ससुर चंदनसिंह (60) पुत्र जीराती को गोली के छर्रे लगने से अंदरुनी चोट आई है।

घटना के बाद परिजन ही घायल को लेकर धार जिला भोज चिकित्सालय पहुंचे, जहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल को भर्ती कर लिया गया है। इधर पूरे मामले की जांच में स्थानीय पुलिस टीम जुट गई हैं, पुलिस ने आरोपी जमाई भेरुसिंह पिता निर्भयसिंह पटेल निवासी मुंडाला सहित एक अन्‍य युवक के खिलाफ प्राणघातक हमले को लेकर प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सादलपुर थाना अंतर्गत ग्राम गुणावद में घायल चंदरसिंह राजपुत ने चार बीघा जमीन सहित एक मकान बना हुआ है। इस जमीन सहित मकान पर कब्जे की बात को लेकर कल देर रात में ही गोली चली है। घटना के तुरंत बाद परिजन घायल चंदर सिंह जिराती को धार जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टर बी.एल. पाटीदार ने बताया कि घायल के मुंह और नाक सहित चेहरे पर गंभीर चोट आई है। उनका सीटी स्कैन कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर रेफर किया गया।

वही घायल की पत्नी ने बताया कि करीब दो महीने पहले जमीन को लेकर उनके बेटे के ससुराल पक्ष से विवाद हुआ था। महिला का कहना है कि अचानक उनके पर पति गोली चली है। फायरिंग के दौरान वे कुछ समझ नहीं पाईं। वहीं घायल के बेटे अर्जुन सिंह जिराती ने बताया कि उनके पिता घर पर बैठे थे। इसी दौरान आरोपी आए व पहले गाली-गलौज की गई और इसके बाद दो लोगों ने गोली चला दी।

इस संबंध में सादलपुर थाना प्रभारी सविता चौधरी ने सोमवार को बताया कि ग्राम गुणावद में जमीन विवाद को लेकर एक व्‍यक्ति को छर्रे लगे हैं। । पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया हैं, आरोपी की गिरफ्तारी शीघ्र होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi