जल गंगा संवर्धन अभियान को गति, कलेक्टर और निगम कमिश्नर ने तालाबों का किया निरीक्षण, विकास कार्यों की समीक्षा
इंदौर, 03 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में जल संरक्षण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन को लेकर चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बुधवार को कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने भोरासला तालाब एवं टिगरिया बादशाह तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तालाबों में चल रहे गहरीकरण, साफ-सफाई, जल संरक्षण और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि जल संरक्षण के प्रयासों का अधिकतम लाभ आमजन को मिल सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण, भूजल स्तर में वृद्धि और वर्षा जल के अधिकतम संचयन को सुनिश्चित करना है। इसके लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित तालाबों, बावड़ियों और अन्य जल संरचनाओं के पुनर्जीवन एवं संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल संकट से निपटने के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों को संरक्षित करना समय की आवश्यकता है और इस दिशा में अभियान के तहत व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
स्वच्छता और विकास कार्यों का भी लिया जायजा
तालाबों के निरीक्षण के बाद नगर निगम आयुक्त ने शहर में संचालित स्वच्छता एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, निर्माणाधीन परियोजनाओं और नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नंदलालपुरा स्थित नई सब्जी मंडी और फ्रूट मंडी मार्केट का दौरा कर बाजार परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पार्किंग, यातायात संचालन और व्यापारियों व नागरिकों के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा की। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजार क्षेत्र की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि व्यापारियों और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों का भी किया निरीक्षण
नगर निगम आयुक्त ने आगामी ब्रिक्स सम्मेलन के मद्देनजर शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर किए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मल्हारगंज, सांवेर रोड, रेडिसन चौराहा, स्कीम नंबर-78, रिंग रोड, बायपास, लवकुश चौराहा और स्टार चौराहा सहित विभिन्न स्थानों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान सड़क व्यवस्था, स्वच्छता, हरियाली, यातायात सुगमता और सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे