जल गंगा संवर्धन अभियान जारी, अब तक प्रदेश में एक लाख 64 हजार से अधिक कार्य हुए पूर्ण

 


- खेत-तालाब, डगवेल रीजार्च, अमृत सरोवर सहित कराए जा रहे अन्य कार्य

भोपाल, 01 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश में पंचायत एवं ग्रामीण विकास के माध्यम से बड़ी संख्या में खेत तालाब, अमृत सरोवर, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और सूखे कुओं को नया जीवन देने का कार्य किया जा रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल द्वारा कार्यों की सतत समीक्षा की जा रही है।

जनसंपर्क अधिकारी आर.आर. पटेल ने शुक्रवार को बताया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा अभियान में जल संरक्षण के 2 लाख 43 हजार से अधिक के कार्य कराए जा रहे हैं। इनकी लागत लगभग 6229 करोड़ रुपये हैं। इस वर्ष के जल गंगा संवर्धन अभियान की खास बात यह है कि पूर्व के कार्य की पूर्णता पर विशेष जोर दिया गया है।

लक्ष्य के अनुक्रम में एक लाख 64 हजार से अधिक कार्य पूरे

प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 की प्रगति भी दिखाई देने लगी है। इस वर्ष 19 मार्च से शुरू हुए अभियान के तीसरे चरण में अब तक 1 लाख 64 हजार से अधिक कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है।

जल गंगा संवर्धन अभियान में टॉप 5 जिले

जल गंगा संवर्धन अभियान में टॉप 5 जिलों में खंडवा पहले स्थान पर है। खरगोन दूसरे, डिंडोरी तीसरे, राजगढ़ चौथे और बालाघाट पांचवें स्थान पर है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत