सागर: राजीवनगर में कोरी समाज को मिलेगा अपना सामुदायिक भवन, विधायक शैलेंद्र जैन ने दी निर्माण की स्वीकृति
सागर, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर शहर के राजीवनगर वार्ड में लंबे समय से चली आ रही सामुदायिक भवन की मांग को विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने अमलीजामा पहनाते हुए मंगलवार को निर्माण की आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
विकास कार्यों की कड़ी में कोरी समाज समिति के सदस्यों ने स्थानीय पार्षद प्रहलाद पटेल के नेतृत्व में विधायक शैलेंद्र जैन से मुलाकात की। समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी आवश्यकताओं से अवगत कराते हुए वार्ड में एक सामुदायिक भवन के निर्माण का आग्रह किया। इस दौरान समाज की एकजुटता देखते ही बनी।
इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि कोरी समाज ने सार्वजनिक हित को सर्वोपरि रखते हुए भवन निर्माण के लिए लगभग 2000 वर्ग फीट भूमि स्वयं उपलब्ध कराई है। समाज की इस सकारात्मक पहल की विधायक जैन ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
ज्ञापन प्राप्त होने के तुरंत बाद विधायक शैलेंद्र जैन ने सक्रियता दिखाते हुए समाज के लोगों के साथ प्रस्तावित स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने जगह की उपलब्धता और तकनीकी पहलुओं को देखते हुए तत्काल भवन निर्माण की मंजूरी दी।
निरीक्षण के दौरान विधायक जैन ने कहा कि समाज द्वारा सामूहिक विकास के लिए अपनी भूमि देना एक अनुकरणीय और सराहनीय कदम है। हमारी सरकार सामाजिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। मैं विश्वास दिलाता हूँ कि इसी वर्ष एक आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन तैयार कर समाज को सौंप दिया जाएगा।
विधायक की इस त्वरित घोषणा से कोरी समाज के लोगों में भारी उत्साह देखा गया। उपस्थित जनों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ विधायक का आभार व्यक्त किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे