वरिष्ठ भाजपा नेता जयभान सिंह पवैया आज राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष पद का पदभार ग्रहण करेंगे

 


भोपाल, 23 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, महाराष्ट्र के सह-प्रभारी एवं नवनियुक्त राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया आज सोमवार को राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष पद का विधिवत पदभार ग्रहण करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जयभान सिंह पवैया सायं 4ः30 बजे भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय पहुंचकर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे तथा पार्टी नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इसके उपरांत वे पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे और सायं 5ः30 बजे पार्टी नेतृत्व एवं पदाधिकारियों के साथ मंत्रालय पहुंचकर राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष का विधिवत पदभार ग्रहण करेंगे।

गाैरतलब है कि प्रदेश सरकार ने राज्य वित्त आयोग में राजनीतिक नियुक्तियों पर सहमति बना ली है। छठवें राज्य वित्त आयोग का अध्यक्ष पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया को बनाया गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता पवैया ग्वालियर से लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं। आयोग में उनके साथ पूर्व आईएएस केके सिंह और विधानसभा के पूर्व एडिशनल सेक्रेटरी वीरेंद्र कुमार को सदस्य सचिव बनाया जाएगा। वीरेंद्र कुमार राज्य वित्त सेवा के अधिकारी रह चुके हैं और मप्र वित्त विभाग में एडिशनल सेक्रेटरी भी रहे हैं। सरकार के निगम, मंडल और आयोगों में यह पहली राजनीतिक नियुक्ति है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे