रीवा से इंदौर आ रही जय अंबे ट्रेवल्स की बस में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित

 


शिप्रा थाने के सामने टायर फटने के बाद भड़की आग

इंदौर, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के शिप्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह रीवा से इंदौर आ रही जय अंबे ट्रेवल्स की एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। हादसा शिप्रा थाने के सामने हुआ। चालक की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब 11 बजे की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चलती बस का एक टायर अचानक फट गया। इसके बाद चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन टायर फटने से हुए घर्षण के कारण बस के अगले हिस्से में आग भड़क उठी। आग लगते ही चालक और स्टाफ ने तत्काल बस रोककर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही शिप्रा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया, जिससे आग पूरी बस में फैलने से पहले ही नियंत्रित हो गई। हादसे में किसी यात्री के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें दूसरी बस की व्यवस्था कर गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।

पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर टायर फटने के बाद हुए घर्षण को आग लगने की वजह माना जा रहा है। तकनीकी जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे