जबलपुरः लोक निर्माण मंत्री ने किया निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

 


जबलपुर, 24 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने रविवार को जबलपुर शहर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने शंकरशाह वार्ड के पटेल मोहल्ला में आयोजित कार्यक्रम में पटेल मोहल्ला पुलिया से न्यू रामनगर पुलिया तक नवनिर्मित सीसी मार्ग का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने पश्चिम विधानसभा में किये जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक वार्डों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। साथ ही कहा कि जनप्रतिनिधि होने का अर्थ है विकास की रफ्तार को तेज रखना। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से आग्रह किया कि यदि और भी कोई कार्य शेष हो, तो वे उसे अवगत कराएं, जिसे आगामी 6 महीनों के भीतर स्वीकृत किया जाएगा।

मंत्री सिंह ने विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नागरिकों से आपेक्षित सहयोग की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सीसी सड़क निर्माण के दौरान जब तक वह पूर्ण रूप से पक्का न हो जाये तब तक उसके ऊपर से वाहन न चलायें।

कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए मंत्री सिंह ने प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाई ओव्हर का जिक्र करते हुए कहा कि मां नर्मदा के तट गौरीघाट जाने के लिए छोटी लाइन फाटक से साईं मंदिर तक फ्लाईओवर, धनवंतरी नगर से जीरो डिग्री तक फ्लाईओवर और सगड़ा में फ्लाईओवर का कार्य स्वीकृत किया गया है। इसके अलावा, रामपुर में 100 बिस्तर वाले अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिसका जल्द ही लोकार्पण किया जाएगा।

गोरखपुर बाजार की बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करने की योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाना सरकार की प्राथमिकता है। झंडा चौक में मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य का लोकार्पण ग्वारीघाट के झंडा चौक में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री सिंह ने 1.38 किलोमीटर लंबी मुक्तिधाम मार्ग के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने जानकारी दी कि ग्वारीघाट वार्ड में कई विकास कार्य चल रहे हैं।

मंत्री सिंह ने कहा कि ग्वारीघाट में माँ नर्मदा तट को अयोध्या की सरयू की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। यह प्रोजेक्ट न केवल जबलपुर बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक प्रेरणा बनेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास की यह गंगा निरंतर प्रवाहित होती रहेगी।

विभिन्न कार्यों का किया भूमिपूजन विकास कार्यों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए मंत्री सिंह ने पंडित बनारसी दास भनोत वार्ड अंतर्गत क्रिश्चियन कॉलोनी एवं एसबीआई कॉलोनी में सड़क डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। साथ ही, उन्होंने एसबीआई कॉलोनी में नाली निर्माण और लड्डू गणेश मंदिर के पास से पुष्पकुंज कॉलोनी होते हुए निगम कार्यालय तक नाला निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया।

मंत्री सिंह ने कहा कि चुनाव में जनता ने उन्हें जिस आशा से आशीर्वाद दिया है। जनता का आशीर्वाद विकास कार्यों के रूप में उनके घर-घर तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जो विकास की धारा बह रही है, वह इस पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आये। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भी यह प्रयास है कि सबका विकास हो और विकास की गंगा घर-घर तक पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, जबलपुर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, पंकज दुबे, अभय सिंह, पार्षद शारदा कुशवाहा, पार्षद मालती चौधरी, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केन्द्र के प्रभारी व संयोजक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्तागण एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर