कटनी में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष के घर और सॉ मिल पर आयकर विभाग का छापा, दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच
कटनी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी में मंगलवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चमनलाल आनंद के माधव नगर स्थित आवास और उनकी सॉ मिल पर एक साथ छापा मार कार्रवाई की। टीम दोनों ठिकानों पर दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और कारोबारी गतिविधियों से जुड़े अभिलेखों की जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस और हथियारबंद जवान तैनात किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, छह से अधिक आयकर अधिकारियों की टीम मंगलवार सुबह चमनलाल आनंद के आवास और सॉ मिल पहुंची। इसके बाद दोनों स्थानों पर जांच शुरू की गई। टीम फर्म के खातों, वित्तीय लेन-देन, स्टॉक और व्यावसायिक संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। कार्रवाई कई घंटे से जारी है। जांच के दौरान उपलब्ध दस्तावेजों और रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक जांच के दायरे और कार्रवाई के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
आयकर विभाग की कार्रवाई के दौरान चमनलाल आनंद के आवास के मुख्य द्वार पर स्थानीय पुलिस और हथियारबंद जवान तैनात रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने की जानकारी है। टीम की कार्रवाई के चलते दोनों ठिकानों पर जांच पूरी होने तक गतिविधियां जारी हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आवास में मौजूद नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान से संबंधित विवरण का भी मिलान किया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आयकर विभाग ने किन विशेष कारणों या सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की है। जांच में क्या सामने आया है और किसी तरह की अघोषित संपत्ति या वित्तीय अनियमितता मिली है या नहीं, इस बारे में भी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे