अनूपपुर: रात से रुक-रुक कर बारिश, तैयारी में जुटे किसान,खरीफ फसलों की 21% बुवाई
अनूपपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में मानसून सक्रिय हो गया है। गुरुवार की रात से शुक्रवार की सुबह तक जिला मुख्यालय सहित कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हुई। आसमान में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना हुआ है।
हालांकि जिले में बारिश एक जैसी नहीं हुई। अनूपपुर जिला मुख्यालय और बदरा में सुबह तक रिमझिम बारिश होती रही, जबकि जैतहरी, राजेंद्रग्राम, कोतमा, फुनगा और दैखल क्षेत्र में रात की बारिश के बाद सुबह धूप निकल आई। इससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ा।
औसतन 20.6 मिमी बारिश दर्ज
अधीक्षक भू-अभिलेख विभाग के अधिकारी प्रदीप मोगरे ने बताया कि जिले में मानसून सक्रिय है, लेकिन बारिश का वितरण सभी क्षेत्रों में समान नहीं है। विभाग के अनुसार शुक्रवार को जिले में औसतन 20.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं 1 जून से अब तक कुल 99.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।
21 प्रतिशत ही हो सकी खरीफ की बुवाई
बारिश के बाद किसान खेतों की तैयारी में जुट गए हैं। कृषि विभाग के अनुसार, इस साल जिले में 1 लाख 85 हजार हेक्टेयर में खरीफ फसलों की बुवाई का लक्ष्य रखा गया है। अब तक करीब 21 प्रतिशत क्षेत्र में ही बुवाई हो सकी है।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार धान की 18 प्रतिशत, मक्का की 77 प्रतिशत, उड़द की 18 प्रतिशत, मूंग की 19 प्रतिशत, अरहर की 26 प्रतिशत, मूंगफली की 56 प्रतिशत और सोयाबीन की 55 प्रतिशत बुवाई पूरी हो चुकी है। पिछले साल इसी अवधि तक जिले में 28 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में बुवाई हो चुकी थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला