अनूपपुर: पट्टा दिलाने में नपाधिकारी एवं गैस सिलेंडर की उपलब्धता पर डीएसओ कलेक्टर ने लाई फटकार
अनूपपुर, 16 मार्च (हि.स.)। जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी जनगणना कार्य को गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित करें। जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह निर्देश सोमवार को मध्य प्रदेश के अनूपपुर के कलेक्टर हर्षल पंचोली ने नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए। उन्होंने जिले के सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना के प्रथम चरण में ड्रोन सर्वे के आधार पर ब्लॉकों का विभाजन किया जाए तथा सभी नगरीय निकायों में भौगोलिक सीमाओं और वार्डवार सीमांकन का निर्धारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनगणना कार्य में अपेक्षित प्रगति लाई जा सके।
इस दौरान डोला और डूमरकछार के मुख्य नपाधिकारी को प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पट्टा दिलाने में लापरवाहीं बरतने पर जमकर फटकार लगाते हुए हटाये जाने की बात कहीं। वहीं जिला आपूर्ति अधिकारी को घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर की उपलब्धता, वितरण की जानकारी न होने पर फटकार लगाते हुए कहा कि इस लापरवाही पर निलंबन का प्रस्तााव भेजा जायेगा।
कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए पेयजल संकटग्रस्त बसाहटों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने अवगत कराया कि जिले में 31 बसाहटों का चयन किया गया है, जहां टंकियों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। नवीन नलकूप खनन, पाइप सुधार कार्य तथा हैंडपंप सुधार कार्य की प्रगति के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि जिले में पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से की जाए।
कलेक्टर ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों के साथ जिले में लेमनग्रास प्रोजेक्ट के संबंध में विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने अवगत कराया कि जिले में 500 एकड़ क्षेत्र में लेमनग्रास की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस पर कलेक्टर ने ओरियो ऑयल कंपनी के सहयोग से किसानों की संगोष्ठी आयोजित करने तथा किसानों को लेमनग्रास की खेती के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री पंचोली ने जिला आपूर्ति अधिकारी से घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर की उपलब्धता, वितरण तथा संधारण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी ने सही जबाब नहीं देने पर फटकार लगाते हुए कहा कि इस लापरवाही पर निलंबन का प्रस्तािव भेजा जायेगा। निर्देशित किया कि जिले में गैस सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्थित रूप से की जाए तथा घरेलू उपभोक्ताओं एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अनुमोदन के पश्चात् गैस सिलेंडरों का वितरण सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए।
कलेक्टर ने बताया कि आगामी 19 मार्च को एकलव्य आवासीय विद्यालय परिसर में विक्रमोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
नगरीय निकाय क्षेत्रों में एसईसीएल की भूमि पर निवासरत प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पट्टा दिलाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को संयुक्त रूप से ड्रोन सर्वे कराकर पात्र हितग्राहियों को पट्टा प्रदान करने के निर्देश दिए। इस दौरान डोला और डूमरकछार के मुख्य नपाधिकारी को प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पट्टा दिलाने में लापरवाहीं बरतने पर जमकर फटकार लगाते हुए हटाये जाने की बात कहीं। साथ ही कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी अपात्र हितग्राही को पट्टा न मिले तथा विधिवत जांच एवं विश्लेषण के उपरांत ही पट्टा प्रदान करने की कार्यवाही की जाए।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों, एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति, आयुष्मान भारत निरामयम् योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड शिविर, राजस्व प्रकरणों तथा लोक सेवा में लंबित मामलों सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला