अनूपपुर: सभी ब्लॉकों में अनिवार्य रूप से कराएं पंप ऑपरेटरों की ट्रेनिंग-कलेक्टर
अनूपपुर, 23 मार्च (हि.स.)। जिले के समस्त ब्लॉकों में पंप ऑपरेटरों की ट्रेनिंग गंभीरता एवं तत्परता के साथ कराई जाए, ताकि गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति बाधित न हो। प्रशिक्षण के माध्यम से ऑपरेटरों को तकनीकी दक्षता प्रदान की जाए, जिससे हैंडपंप एवं नल-जल योजनाओं का सुचारू संचालन किया जा सके। जनपद पंचायतों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सोमवार को मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कलेक्टर हर्षल पंचोली कलेक्ट्रेट में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा करते हुए कहीं।
उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों के आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों के लिए विशेष शिविर आयोजित कर अभियान के रूप में आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। जिले में शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड निर्माण कर सभी पात्र नागरिकों को योजना का लाभ दिलाया जाए।
कलेक्टर ने जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि तालाब, कुएं एवं अन्य जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन कार्यों में तेजी लायी जाए। गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य पूर्ण करने तथा जनसहभागिता के माध्यम से अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने समयावधि पत्रों, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं अन्य लंबित प्रकरणों की भी विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ किया जाए। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लायी जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे जिले में विकास कार्यों को गति मिल सके।
बैठक में अपर कलेक्टर दिलीप कुमार पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा सतीश वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला