अनूपपुर: 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के प्री स्कूल शिक्षा हेतु आंगनवाड़ी केन्द्रों में बढ़ाएं नामांकन
अनूपपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कलेक्टर हर्षल पंचोली ने सोमवार को समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के प्री-स्कूल शिक्षा के लिए आंगनवाड़ी केन्द्रों में नामांकन बढ़ाने के निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला परियोजना अधिकारी को दिए।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास की नींव है, इसलिए आंगनवाड़ी केंद्रों में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नामांकन हेतु स्वास्थ्य विभाग, जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा समन्वित रूप से कार्य किया जाए।
जिले में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं उपार्जन हेतु किसान पंजीयन की प्रगति की समीक्षा में जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि 7 फरवरी से जिले के 8 प्रमुख पंजीयन केंद्रों पर गेहूं उपार्जन हेतु किसानों के पंजीयन का कार्य किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान उपार्जन से वंचित न रहे। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के प्रगति की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्रम विभाग से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत कंपनियों में कर्मचारियों के पंजीकरण को बढ़ावा देने हेतु लक्ष्य निर्धारण के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने विभागों से वित्तीय वर्ष के बजट की समीक्षा की और निर्देश दिए कि बजट का उपयोग समय पर, पारदर्शी एवं शत-प्रतिशत प्रभावी तरीके से किया जाए।
कलेक्टर ने डीएमएफ अंतर्गत कार्यों की समीक्षा कर पूर्ण कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र तथा सीसी जारी करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किए जाने, सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के. के. सोनी, अधीक्षक भू-अभिलेख प्रदीप मोगरे सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला