भाजपा कार्यकर्ताओं ने रखीं जनसमस्याएं, डिप्टी सीएम देवड़ा और मंत्री टेटवाल ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
भोपाल, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल स्थि भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री गौतम टेटवाल ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं और सुझाव सुने। दोनों नेताओं ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों और नेताओं के सामने रखीं। जिन मामलों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई आवश्यक थी, उन्हें शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। नेताओं ने अधिकारियों से प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा और मंत्री टेटवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं का गंभीरता से परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान का प्रयास किया जाएगा। आमजन की समस्याओं का निराकरण और उन्हें शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन भी जनहित से जुड़े विषयों के समाधान के लिए लगातार सक्रियता से काम कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे