अनूपपुर: बिजुरी हत्याकांड काे लेकर पुलिस महानिरीक्षक ने एसआईटी का किया गठन

 


अनूपपुर, 24 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती की संदिग्ध मौत एवं घटना के चश्मदीद गवाह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद रविवार को पुलिस महानिरीक्षक शहडोल एन चैत्रा ने एसआईटी का गठन किया है। जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहडोल को पर्यवेक्षण अधिकारी बनाते हुए तीन सदस्य अनूपपुर जिले के पुलिस अधिकारियों को बनाया हैं जो जांच में सहयोग करेंगे।

पुलिस महानिरीक्षक ने थाना बिजुरी के अपराध की धारा 296 बी, 115(2), 74, 75(2), 76, 309 (6),3(5) बी. एन. एस. एवं प्रकरण के फरियादी मृतक 17 वर्षीय अमन यादव पुत्र सुनील यादव निवासी बरली जिला जमुनिया बिहार हाल निवासी उर्जा नगर बिजुरी की मृत्यु से जुड़े संपूर्ण घटनाक्रम का अनुसंधान कर न्यायालय में अंतिम प्रतिवेदन प्रस्तुत करने हेतु विशेष अन्वेषण टीम का गठन किया हैं।

इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला शहडोल अभिषेक दीवान पर्यवेक्षण अधिकारी होगे। वहीं सदस्य रत्नाम्बर शुक्ला निरीक्षक थाना कोतमा, उमेश उपाध्याय निरीक्षक थाना भालूमाड़ा एवं सरिता लकड़ा उप निरीक्षक थाना कोतवाली को बनाया गया हैं। टीम के सभी सदस्य तत्काल प्रभाव से उक्त प्रकरण की विवेचना हेतु संलग्न होगे। समय-समय पर प्रकरण की वर्तमान स्थिति से अन्वेषण पर्यवेक्षण अभिषेक दीवान अति० पुलिस अधीक्षक शहडोल अवगत करायेगें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला