(फालोअप) अनूपपुर: सड़क हादसे में घायल ज्योति को पति-बेटे की मौत की जानकारी नहीं
अनूपपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला चिकित्सालय में भर्ती 30 वर्षीय ज्योति अगरिया को बुधवार को भी पति कुमान सिंह और बेटे की मौत की जानकारी नहीं है। मंगलवार शाम अस्पताल में भर्ती कराई गईं ज्योति से जब पति के बारे में पूछा जाता है तो वह कहती हैं कि कुमान इलाज के लिए कोतमा में भर्ती हैं। चिकित्सालय में मौजूद दूसरे मरीजों और उनके परिजनों ने भी उन्हें यह बात नहीं बताई है।
ज्ञात हो कि, मंगलवार को दो बाइकों की टक्कर में ज्योति गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। हादसे में उनके पति कुमान सिंह और एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हुई थी। ज्योति का जिला चिकित्सालय में इलाज जारी है। डॉक्टर सीटी स्कैन रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर उन्हें शहडोल रेफर करने का फैसला लिया जाएगा।
बुधवार की शाम ज्योति के मायके पिपरटोला से उनके भाई और भाभी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मंगलवार रात मोबाइल पर मिली थी। घर दूर होने और आने-जाने के साधन नहीं मिलने के कारण उन्हें पहुंचने में देर हुई। घटना के बाद ज्योति के साथ जिला चिकित्सालय आई उनकी नानी बुधवार सुबह कोतमा लौट गई थीं। वहां वह नाती और बच्चे के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में शामिल होने गई थीं। ज्योति का रातभर इलाज चला। सिविल सर्जन डॉ. एसआर परस्ते और आपातकालीन ड्यूटी के डॉक्टर देर रात तक अस्पताल में मौजूद रहे। डॉक्टरों के मुताबिक, सीटी स्कैन रिपोर्ट आने के बाद आगे के इलाज और रेफर करने पर फैसला लिया जाएगा।
ज्योति ने बताया कि उनके साथ सुरक्षित बचा तीन साल का बच्चा अंशराज अगरिया उनकी बहन का बेटा है। बहन और उसके पति की बीमारी के कारण अंशराज के जन्म के कुछ समय बाद ही दोनों की मौत हो गई थी। बहन के सास-ससुर का भी पहले निधन हो चुका है। इसके बाद से ज्योति और उनके पति कुमान सिंह उसकी देखभाल कर रहे थे। मंगलवार के हादसे में ज्योति ने पति और बड़े बेटे को खो दिया। अब उन पर बाकी बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी है। ज्योति ने बताया कि कुमान के पिता हीरा सिंह का तीन साल पहले निधन हो गया था। उनकी मां का बचपन में ही निधन हो गया था और पिता ने ही उन्हें पाला था। मंगलवार को जर्राटोला पंचायत स्थित आरोग्यधाम मंदिर के सामने दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई थी। पहली बाइक पर छतई निवासी कुमान सिंह अपनी पत्नी ज्योति और बच्चों के साथ पिपरटोला से अपने गांव छतई जा रहे थे। दूसरी बाइक पर निमहा निवासी हंसराज सिंह गोड़ और उनके भाई रामसिंह गोड़ सवार थे।
दोनों बाइकें तेज रफ्तार में टकरा गईं। टक्कर के बाद सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान कुमान सिंह, रामसिंह गोड़ और एक बच्चे की मौत हो गई। घायल ज्योति, हंसराज सिंह गोड़ और एक अन्य बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किया गया था। हंसराज को मंगलवार रात करीब 10 बजे शहडोल मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। उनके दाएं पैर और कमर की हड्डी टूटने के साथ सिर में चोट और अन्य अंदरूनी चोटों की आशंका थी। परिजनों के पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें रेफर किया। ज्योति का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
कोतमा पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला