राजगढ़ः मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन भवन की पहली मंजिल से गिरा मजदूर, सिर में गंभीर चोट
राजगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में सोमवार सुबह काम के दौरान 24 वर्षीय मजदूर पहली मंजिल से नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई।
जानकारी के अनुसार महेशपुरा- बकानी निवासी अनिल पुत्र रामबिलास मेघवाल मेडिकल कॉलेज निर्माण स्थल पर मजदूरी कर रहा था। सोमवार सुबह वह पहली मंजिल पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद साथी मजदूर उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिजनों के अनुसार अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस के लिए करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने पर निजी वाहन से अनिल को झालावाड़ ले जाया गया। सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल हादसे के बाद निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय अनिल ने हेलमेट नहीं पहना था और उसके पास अन्य सुरक्षा उपकरण भी नहीं थे। हालांकि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक