राजगढ़ में बस को कंटेनर ने पीछे से मारी टक्कर, चालक समेत 6 घायल; कंटेनर चालक फरार

 


राजगढ़, 4 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में बस चालक समेत छह लोग घायल हो गए। खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़बेली जोड़ के पास सवारियों को उतारने के लिए सड़क किनारे खड़ी पवन बस को तेज रफ्तार 10 चक्का कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, पवन बस ग्राम बड़बेली जोड़ के पास यात्रियों को उतारने के लिए सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।

हादसे में ये लोग हुए घायल

दुर्घटना में बस चालक मांगीलाल (30) पुत्र हरिसिंह दांगी, निवासी बड़बेली सहित छह लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान

- मांगीलाल (30), निवासी बड़बेली

- रामनिवास पुत्र भगवानसिंह सौंधिया, निवासी चाटा, थाना देहात ब्यावरा

- सरदार बाई (55) पत्नी श्रीनाथ, निवासी सवांसड़ा, थाना कालीपीठ

- पूरी बाई (55) पत्नी कनीराम, निवासी तलाईखेड़ा, थाना राजगढ़

- सरस्वती (45) पत्नी बालचंद, निवासी देवरी सोनखेड़ी, थाना पाटन, जिला झालावाड़, राजस्थान

- वीरम पुत्र कालूसिंह, निवासी ग्राम मांडाखेड़ा

हादसे के बाद कंटेनर चालक नरवर (30) पुत्र शिवसिंह, निवासी बघेली मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और घटनास्थल की जानकारी जुटाई है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। तेज रफ्तार के साथ-साथ दुर्घटना की अन्य संभावित वजहों का भी पता लगाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक