राजगढ़ः महाकाल दर्शन कर झांसी लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, सात घायल

 


राजगढ़, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में करनवास थाना क्षेत्र में रविवार अलसुबह एनएच-52 स्थित ग्राम परसुलिया के समीप शराब दुकान के सामने तेज रफ्तार बलेनो कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में कार सवार सात लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही 112 वाहन और थाना मोबाइल की मदद से सभी घायलों को शासकीय अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया गया, जहां से तीन लोगों को हालत गंभीर होने पर भोपाल रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार बलेनो कार क्रमांक यूपी 93 सीसी 4618 में सवार लोग महाकाल दर्शन के बाद अपने घर झांसी उत्तर प्रदेश लौट रहे थे। हाइवे स्थित ग्राम परसूलिया के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में कार चालक आवेद (25)पुत्र कैलाषसिंह राजपूत निवासी ग्राम जीरा, थाना शाजापुर, जिला झांसी के कंधे पर चोट आई। उनके दो वर्षीय बेटे काव्यांश के कान के पास मामूली चोट लगी। पत्नी अन्नपूर्णिमा (23)साल को चोट नहीं आई। वहीं अटरिया निवासी शैलेंद्र (25)पुत्र विनोदकुमार राजपूत के बाएं पैर में चोट, पत्नी सरोज (24) के गले के पास चोट, अंकित राजपूत (25) के सिर, कान के ऊपर और दाहिने पैर में चोट तथा काजल (23)पत्नी अंकित राजपूत के सिर में चोट बताई गई है।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों के परिजनों से संपर्क हो गया है और वे ब्यावरा के लिए रवाना हो चुके है, जहां से तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरु कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक