राजगढ़: घरेलू गैस से वाहनों में अवैध भराई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

 


राजगढ़, 27 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के छापीहेड़ा थाना पुलिस ने घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर वाहनों में गैस भरने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ईको कार, गैस भरने की विद्युत मोटर तथा कई गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।

थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम क्षेत्र के एक खेत के पास टापरी में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर वाहनों में गैस भरी जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान आरोपी रामबाबू (34) पुत्र जगन्नाथ नागर निवासी सिकंदरी तथा जमनालाल (33) पुत्र दरियाव सिंह तंवर निवासी सुस्याहेड़ी को हिरासत में लिया गया।

मौके से एक ईको कार, गैस भरने की विद्युत मोटर, भारत गैस का एक भरा हुआ और तीन खाली सिलेंडर तथा एचपी कंपनी का एक खाली सिलेंडर जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक