राजगढ़ः स्कूल से लौट रही छात्रा के पास गिरी आकाशीय बिजली, धमाके से बेहोश
राजगढ़, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर स्कूल से घर लौट रही एक 14 वर्षीय छात्रा के पास आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी तेज धमक की चपेट में आने से वह बेहोश हो गई। घटना के बाद परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार है। चिकित्सकों के अनुसार छात्रा अब पूरी तरह खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार ग्राम फतेहपुर निवासी राधाबाई (14) पिता सज्जनसिंह भिलाला कक्षा आठवीं की छात्रा है। मंगलवार दोपहर वह स्कूल से पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के पास स्थित मुर्गी फार्म के समीप अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ उसके नजदीक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली सीधे छात्रा पर नहीं गिरी, लेकिन जोरदार धमाके और कंपन से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और छात्रा को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे निगरानी में रखा। राहत की बात यह रही कि छात्रा को कोई गंभीर शारीरिक चोट नहीं आई और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। मौसम विभाग की ओर से बारिश के दौरान खुले स्थानों पर नहीं रुकने और सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक