राजगढ़ः तेज रफ्तार कार और पिकअप ने स्कूटी-बाइक को मारी टक्कर, पांच लोग घायल
राजगढ़, 26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा-सिरोंज राजमार्ग पर सुठालिया थाना क्षेत्र स्थित ग्राम मोठबड़ली जोड़ के पास बुधवार की रात एक ही समय में दो भीषण सड़क हादसे हो गए। तेज रफ्तार वैगनार कार और पिकअप वाहन द्वारा अलग-अलग स्कूटी और बाइक को टक्कर मारने से कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, बुधवार की रात ग्राम मोठबड़ली जोड़ के समीप पहले हादसे में तेज रफ्तार वैगनार कार (क्रमांक एमपी 04 वाईएस 4931) ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी,जिसमें स्कूटी सवार रामबाबू (20) पुत्र अमरसिंह तथा रामसिंह (22) पुत्र भंवरलाल, दोनों निवासी मोठबड़ली, गंभीर घायल हो गए। इसी दौरान हुई दूसरी घटना में तेज रफ्तार पिकअप वाहन (क्रमांक एमपी 04 जीए 6223) ने बाइक को टक्कर मार दी। इस टक्कर में बाइक सवार पवन (25) पुत्र राधेश्याम वर्मा, सागर (30) पुत्र रोशन मोंगिया और सुनील (26) पुत्र रमेश वर्मा, तीनों निवासी सुठालिया, घायल हो गए। सूचना मिलते ही सुठालिया थाना पुलिस दल मौके पर पहुंचा और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सुठालिया अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद पवन, सागर और सुनील की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राजगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना के संबंध में दशरथ पुत्र नारायणसिंह सौंधिया निवासी मोठबड़ली की रिपोर्ट पर वैगनार कार चालक तथा इंदरसिंह पुत्र कन्हैयालाल मोंगिया निवासी सुठालिया की रिपोर्ट पर पिकअप वाहन चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए) एवं 184 एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसों के सटीक कारणों एवं वाहनों की रफ्तार की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक