राजगढ़ः दो सड़क हादसों में एक महिला सहित पांच घायल
राजगढ़, 30 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में लीमाचौहान थाना क्षेत्र में सारंगपुर- संडावता रोड पर गुरुवार दोपहर दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे हो गए। दोनों मामलों में अज्ञात वाहनों ने बाइकों को टक्कर मारी, जिससे कुल पांच लोग घायल हो गए।
पहला हादसा ग्राम हराना जोड़ के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ग्राम पाटक्या निवासी धुरीलाल नागर, नानूराम नागर और बद्रीलाल नागर घायल हुए। नानूराम नागर को सिर में गंभीर चोट आने पर सारंगपुर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया, जबकि अन्य दोनों का उपचार सिविल अस्पताल में जारी है।
दूसरा हादसा ग्राम भाटखेड़ी जोड़ पर हुआ। यहां भी एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, जिसमें गोपालपुर निवासी विनोद मालवीय और उसकी बहन रामकुंवरबाई घायल हो गए। लीमाचैहान थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे चल रहे केबलीकरण कार्य के कारण सड़क पर गिट्टी और मिट्टी फैली रहती है, जिससे वाहन अनियंत्रित हो रहे है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक