अनूपपुर: दोस्त को बचाने जलाशय में कूदा छात्र, डूबने से मौत
अनूपपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक के एक छात्र की पोड़की जलाशय में डूबने से मृत्यु हो गई। छात्र अपने दोस्त को बचाने के लिए पानी में उतरा था, लेकिन खुद गहरे पानी में चला गया। एसडीआरएफ की टीम ने बुधधार रात में शव काे बाहर निकाला। गुरुवार को बिहार से परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
थाना प्रभारी एलबी तिवारी ने बताया कि मृतक की पहचान गया (बिहार) निवासी आर्यन कुमार (21) के रूप में हुई है। वह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटकमें बीबीए टूरिज्म द्वितीय वर्ष का छात्र था और हॉस्टल अलॉटमेंट की प्रक्रिया के लिए विश्वविद्यालय आया था। पुलिस के अनुसार, बुधवार की शाम आर्यन अपने दो दोस्तों के साथ पोड़की जलाशय घूमने गया था। इस दौरान उसका साथी उदित राज जलाशय के किनारे पैर डालकर पानी की गहराई माप रहा था। अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गया। तैरना नहीं आने के कारण वह डूबने लगा। साथी को बचाने के लिए आर्यन तुरंत पानी में कूद गया। उसने उदित को बचाने की कोशिश की, लेकिन खुद गहरे पानी में चला गया और डूब गया। वहीं उदित किसी तरह बाहर निकल आया।
घटना के बाद साथियों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर अमरकंटक पुलिस भी पहुंची, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद अनूपपुर से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। देर रात गोताखोरों ने आर्यन का शव जलाशय से बाहर निकाला।
परिजनों के पहुंचने के बाद होगा पीएम
पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक की मॉर्चुरी में रखवाया है। बिहार से परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर और छात्र समुदाय में शोक का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला