माहेश्वरी दिवस पर कन्नौद में निकली भव्य शोभायात्रा, श्वेत और गुलाबी परिधानों में नजर आया समाज का उत्साह
देवास, 24 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले के कन्नौद में माहेश्वरी दिवस का पर्व बुधवार को उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माहेश्वरी समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का परिचय दिया। नव निर्वाचित कन्नौद माहेश्वरी समाज अध्यक्ष विनोद तापड़िया के निर्देशन में आयोजित इस शोभायात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा माहेश्वरी भवन से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होते हुए पुन: माहेश्वरी भवन पहुंची।
आयोजन की खास बात यह रही कि समाज के पुरुष सदस्य श्वेत परिधानों में और महिलाएं गुलाबी रंग के पारंपरिक परिधानों में नजर आईं। एक समान वेशभूषा में शामिल समाजजनों ने अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। शोभायात्रा में राजस्थान के जयपुर से आए कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों के नृत्य और विशेष प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल बना दिया। शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
समापन अवसर पर महाआरती आयोजित की गई, जिसके बाद समाजजनों और श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। शाम को आयोजित सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न शैक्षणिक और प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में समाजजनों ने सामूहिक सहभोज में भाग लिया और आयोजन का समापन हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र राठी