इंदौर में खुदाई से बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था, चाणक्यपुरी चौराहे पर 15 दिन से जाम, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की तैयारी

 


इंदौर, 23 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के चाणक्यपुरी चौराहे पर नर्मदा और अवंतिका गैस पाइपलाइन डालने के लिए की गई सड़क खुदाई ने ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले करीब 15 दिनों से यहां रोजाना जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गुरुवार सुबह हालात और बिगड़ गए, जब वाहन चालकों को एक से डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा। जाम का असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ा—कई स्कूल बसें समय पर नहीं पहुंच सकीं, जबकि ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन आपस में उलझते नजर आए। सूचना मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जोन-4 के डीसीपी आनंद कल्यादगी, एसीपी शिवेंद्र जोशी और अन्य अधिकारियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार से खुदाई और अनुमति से जुड़े दस्तावेजों पर जवाब तलब किया है। अन्नपूर्णा थाना पुलिस ठेकेदार को थाने ले गई, जहां अनुमति की जांच की जा रही है। एडिशनल डीसीपी संतोष कौल ने बताया कि अवंतिका गैस एजेंसी द्वारा पूरे चौराहे को खोद दिया गया है। अब यह जांच की जा रही है कि खुदाई के लिए विधिवत अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि अनियमितता पाई गई तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

बड़ा रहा जाम का दायरा

राजेंद्र नगर ब्रिज से लेकर तालाब क्षेत्र तक और केसरबाग ब्रिज से गोपुर चौराहे तक सैकड़ों वाहन फंसे रहे। अन्नपूर्णा रोड पर भी कई जगह सड़क खुदी होने से यातायात बाधित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना किसी ट्रैफिक डायवर्जन या वैकल्पिक व्यवस्था के इस तरह की खुदाई ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। उल्लेखनीय है कि ट्रैफिक अधिकारियों द्वारा करीब 15 दिन पहले ही कंपनी को संभावित जाम को लेकर चेतावनी दी गई थी, इसके बावजूद सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए। अब प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे