13 अगस्त को इंदौर में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, भाजपा प्रदेश प्रभारी बोले- तिरंगा यात्रा को जन-जन की यात्रा बनाएं कार्यकर्ता
इंदौर/भोपाल, 10 अगस्त (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने सोमवार को इंदौर भाजपा कार्यालय में जिला पदाधिकारियों, मंडल प्रभारियों और महिला मोर्चा की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 13 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को जन-जन की यात्रा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की शक्ति और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है।
महेंद्र सिंह ने कहा कि अगस्त क्रांति और स्वतंत्रता आंदोलन में इंदौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्ष 1942 में 11-12 अगस्त को इंदौर प्रजा मंडल से जुड़े लोगों ने तिरंगा यात्रा निकालकर अंग्रेजी शासन के खिलाफ आंदोलन को गति दी थी। ऐसे में इंदौर की धरती से निकलने वाली तिरंगा यात्रा का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि इंदौर लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की नगरी है। 13 अगस्त को उनकी पुण्यतिथि भी है। ऐसे में इस दिन आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की अपील की।
देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देगी यात्रा
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश के वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को नमन करने के साथ नागरिकों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रख रहा है और राष्ट्रीय हितों से जुड़े मामलों में दृढ़ता से निर्णय ले रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा को व्यापक जनभागीदारी वाला अभियान बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।
पदाधिकारियों ने बनाई अभियान की रणनीति
बैठक को भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने भी संबोधित किया। बैठक में तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आलोक दुबे, प्रदेश प्रवक्ता दिव्या गुप्ता, वैभव शुक्ला, सचिन बघेल सहित मंडल अध्यक्ष और अभियान टोली के सदस्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे