इंदौरः शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर होगी सख्त कार्रवाई
इंदौर, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को समय-सीमा पत्रों (टीएल) की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी लंबित प्रकरणों के समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तथा सकारात्म्क निराकरण पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने बताया कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रोशन राय, नगर निगम के अपर आयुक्त प्रखर सिंह, एनएन पांडे, स्मार्ट सिटी के सीईओ अर्थ जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर वर्मा ने शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में रेंडम रूप से सीएम हेल्पलाइन के तहत लंबित पांच प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर कुछ अधिकारियों के वेतन काटने के निर्देश भी उन्हें दिए।
बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान, जनगणना कार्य, सीएम हेल्पलाइन तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
फायर सेफ्टी नियमों के पालन में लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
कलेक्टर ने बताया कि जी प्लस थ्री व्यावसायिक भवनों में फायर सेफ्टी उपकरण, फायर एग्जिट प्लान एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा गठित दलों द्वारा लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। जिन भवनों में आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं पाए गए, उन्हें सील किया गया है तथा वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ भवन संचालकों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूर्ण करने का शपथ पत्र देने पर राहत दी गई है, लेकिन उनकी सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्रों में ऐसे भवनों की पहचान कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बाधारहित वातावरण निर्माण अभियान जारी
बैठक में बताया गया कि सुगम्य भारत अभियान के तहत दिव्यांग जनों को बाधा रहित वातावरण और उनके लिए जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत वर्तमान में सार्वजनिक स्थलों और भवनों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान कई स्थानों पर दिव्यांगजन सुविधाओं में कमी पाई गई। पाई गई कमियों को दूर कराया जा रहा है । अब तक लगभग 200 से अधिक भवनों की जांच की जा चुकी है। भवनों का सर्वे लगातार जारी है। कलेक्टर ने बताया कि अधिकांश भवनों में रैम्प तो बने हैं, लेकिन रेलिंग, साइनेज एवं दिव्यांगजनों की सुगम आवाजाही से संबंधित व्यवस्थाओं का अभाव पाया गया है। प्रशासन का उद्देश्य सभी शासकीय भवनों को बाधारहित बनाना है ताकि दिव्यांगजन बिना किसी असुविधा के अपने कार्य कर सकें।
जनगणना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान
बैठक में बताया गया कि जिले में जनगणना के प्रथम चरण का कार्य तेजी से जारी है। बैठक में जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। जनगणना कार्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। देपालपुर नगर परिषद की सीएमओ सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रगणकों को समय-सीमा से पूर्व गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कलेक्टर ने कहा कि कई कर्मचारियों ने विषम परिस्थितियों में भी समर्पण और मेहनत से कार्य कर दूसरों के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है।
शराब दुकानों एवं ढाबों पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान
कलेक्टर वर्मा ने बताया कि शराब दुकानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने एवं अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं तथा गंदगी, अवैध गतिविधियों एवं अवैध शराब बिक्री पाए जाने पर सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुकानों पर साफ-सफाई, शौचालय व्यवस्था तथा गंदे पानी की निकासी जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी
गर्मी के मौसम को देखते हुए कुल्फी, आइसक्रीम, बर्फ एवं अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले संस्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि मिलावटखोरी एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी सख्ती जारी रहेगी।
ब्लैक स्पॉट सुधार कार्यों की भी हुई समीक्षा
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बैठक में इंदौर जिले में यातायात सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से ब्लैक स्पॉट सुधार कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा वहां आवश्यक सुधार कार्य सतत रूप से जारी रखें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर प्रभावी व्यवस्थाएं रहें और किसी भी प्रकार की घटना अथवा दुर्घटना की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर