इंदौर : तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को मारी टक्कर, मां और दो मासूम सहित तीन की मौत

 


इंदौर, 18 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के धार रोड स्थित हाईलिंक कॉलोनी के सामने सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहां एक तेज रफ्तार टैंकर ने एक ही बाइक पर सवार छह लोगों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतकों के परिजन लखन देवड़ा ने बताया कि उनका बड़ा बेटा अशोक देवड़ा (30), अपनी पत्नी अनिता देवड़ा (28), बच्चों वैष्णवी उर्फ वेशू (4), रोहन (2), संतोषी (1) और भांजे राजेश के साथ औरंगपुरी से देवास जिले के बबलू ग्राम बेसन कांटा फोड़ जा रहे थे। यह परिवार मूल रूप से देवास के उदयनगर का रहने वाला है और फिलहाल औरंगपुरी में रहकर अशोक एक प्लाईवुड कंपनी में काम करता है। अनिता के भाई का हाल ही में निधन हो गया था, जिसके चलते पूरा परिवार एक ही बाइक पर सवार होकर उनके पगड़ी कार्यक्रम (शोक सभा) में शामिल होने के लिए निकला था। लेकिन रास्ते में तेज रफ्तार टैंकर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो साल के रोहन और महज एक साल की मासूम संतोषी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल मां अनिता की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई।

चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि दुर्घटना में बाइक चालक अशोक देवड़ा, राजेश भूसारिया और चार वर्षीय बच्ची वैष्णवी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है। पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है और उसके चालक अमित वैष्णव (30), निवासी जालौर (राजस्थान) को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी चालक अमित ने कबूल किया कि वाहन चलाते समय अचानक उसे नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण टैंकर अनियंत्रित हो गया और सीधे बाइक पर चढ़ गया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत