इंदौर के रानीपुरा में निगम की कार्रवाई पर हंगामा, दुकानदारों ने जाम की कोशिश की
इंदौर, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के रानीपुरा क्षेत्र में सोमवार को नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और निगम अमले के बीच विवाद की स्थिति बन गई। निगम की रिमूवल टीम दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ तक बनाए गए अस्थायी ओटले व पार्टिशन हटाने पहुंची थी। कार्रवाई रानीपुरा से संजय सेतु ब्रिज की ओर बढ़ी तो कुछ दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बहस और हंगामा बढ़ गया। कुछ दुकानदारों ने सड़क पर खड़े होकर वाहनों को रोकने और रोड जाम करने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात बहाल कराया।
नगर निगम की टीम अमले और पुलिस बल के साथ रानीपुरा पहुंची। यहां करीब 60 से 70 दुकानों के बाहर बनाए गए अस्थायी पार्टिशन और ओटले हटाए गए। फुटपाथ पर लगी 8 से 10 गुमटियों को भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध जताया। रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे और दुकानदारों के बीच भी तीखी बहस हुई। इसके बाद कुछ दुकानदारों ने दुकानें बंद कर रानीपुरा रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया। विरोध कर रहे कुछ दुकानदार सड़क के बीच खड़े होकर वाहनों को रोकने लगे। सूचना मिलने पर एसीपी विनोद दीक्षित और एसीपी रूबिना मिजवानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को सड़क से हटाकर किनारे किया, जिसके बाद निगम की कार्रवाई आगे बढ़ सकी। रानीपुरा के बाद निगम की टीम ने जेल रोड क्षेत्र में भी अस्थायी निर्माण हटाए।
पहले कई बार कराई गई थी मुनादी
भवन अधिकारी अंकेश बिरथरिया ने बताया कि रानीपुरा शहर के मध्य क्षेत्र में है और पीक आवर्स में यहां यातायात का दबाव अधिक रहता है। निगम कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर कार्रवाई से पहले क्षेत्र में कई बार मुनादी कराई गई थी। दुकानदारों को व्यक्तिगत रूप से भी दुकानों के बाहर किए गए अस्थायी निर्माण हटाने और सामान सड़क व फुटपाथ पर नहीं रखने की समझाइश दी गई थी।
दोबारा चेतावनी, निर्माण किया तो होगी कार्रवाई
अधिकारी के अनुसार दुकानों के बाहर सामान रखने के लिए बनाए गए पार्टिशन और ओटलों के कारण सड़क व फुटपाथ की जगह कम हो रही थी, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। इन्हें अस्थायी निर्माण बताते हुए निगम ने हटाने की कार्रवाई की। दुकानदारों को दोबारा अनाउंसमेंट के जरिए चेतावनी दी गई है कि वे सड़क या फुटपाथ पर अस्थायी निर्माण न करें और दुकान का सामान बाहर न रखें। ऐसा दोबारा पाए जाने पर निगम कार्रवाई करेगा। कार्रवाई के दौरान तुकोगंज, सेंट्रल कोतवाली और एमजी रोड थाने का पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी में निगम की टीम ने कार्रवाई पूरी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे