इंदौर के राजबाड़ा पर बेकाबू हुई सिटी बस, चार लोगों को चपेट में लिया, एक की मौत

 




ऑटो को टक्कर मारने के बाद राहगीरों को कुचला, हादसे के बाद भीड़ ने बस में की तोड़फोड़, चालक हिरासत में

इंदौर, 27 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के राजबाड़ा के व्यस्त इलाके में रविवार को सिटी बस अचानक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गई और रास्ते में मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने बस पर पथराव कर उसके कांच फोड़ दिए। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

हादसा राजबाड़ा के नगर सेवा बस स्टैंड के पास हुआ। पुलिस के अनुसार इलेक्ट्रिक सिटी बस स्टैंड पर खड़ी थी। इसी दौरान बस अचानक आगे बढ़ी और पूजा सामग्री की दुकानों की ओर चली गई। रास्ते में खड़े लोग और एक ऑटो इसकी चपेट में आ गए। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बस के अचानक आगे बढ़ने और लोगों के उसकी चपेट में आने की घटना रिकॉर्ड हुई है।

ऑटो को टक्कर लगी, चालक की इलाज के दौरान मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस ने सड़क पर खड़े ऑटो को टक्कर मारी। टक्कर के बाद ऑटो चालक नीचे गिर गया और बस की चपेट में आ गया। उसे गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान पिंटू उर्फ गणेश के रूप में सामने आई है। दो अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

चालक ने भागने की कोशिश की, पुलिस ने पकड़ा

एडिशनल एसपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि राजबाड़ा पर नगर सेवा का बस स्टैंड है। यहां एमपी ई-सेवा की बस खड़ी थी। अचानक बस अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी और पूजा सामग्री की दुकानों की ओर चली गई। रास्ते में कुछ लोग बस की चपेट में आ गए। एडिशनल एसपी के मुताबिक, हादसे के बाद ड्राइवर ने मौके से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मामले में मुकदमा कायम किया जाएगा। जांच में ड्राइवर या किसी अन्य व्यक्ति की गलती सामने आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की जाएगी।

सवारियों को उतारकर बस पर पथराव

हादसे के बाद राजबाड़ा पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पहले बस में मौजूद यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद कुछ लोगों ने बस पर ईंट-पत्थर फेंके और उसके कांच तोड़ दिए। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना के कारण व्यस्त राजबाड़ा क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे