इंदौर में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, कलेक्टर ने बच्चों को पिलाई 'दो बूंद जिंदगी की', 5 लाख से अधिक बच्चों को मिलेगी खुराक
इंदौर, 28 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौरजिले में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए रविवार से पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई। शासकीय पॉली क्लिनिक हुकुमचंद में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर शिवम वर्मा ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी छोटे बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी से प्रभावित न हो।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि इंदौर अपने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को लेकर पूरी तरह सजग और जागरूक है।
5 लाख से अधिक बच्चों तक पहुंचेगी पोलियो की खुराक
स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 5 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य तय किया है। पहले दिन बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है, जबकि अगले दो दिनों तक घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा दी जाएगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।
3,600 से अधिक बूथ, 8 हजार स्वास्थ्यकर्मी तैनात
अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर में 3,600 से अधिक बूथ एवं मोबाइल टीमें बनाई गई हैं। करीब 8 हजार स्वास्थ्यकर्मी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और स्वयंसेवक अभियान में जुटे हैं। विशेष फोकस प्रवासी परिवारों, मलिन बस्तियों, निर्माण स्थलों और घुमंतु समुदायों के बच्चों पर रहेगा। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य ट्रांजिट प्वाइंट पर भी विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं का भी किया निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा ने हुकुमचंद पॉलीक्लिनिक का निरीक्षण किया। उन्होंने रैबीज टीकाकरण केंद्र, नियमित टीकाकरण केंद्र और डायलिसिस यूनिट का अवलोकन कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को सुविधाओं के उन्नयन और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
पोलियो मुक्त भारत बनाए रखने की चुनौती
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भारत को वर्ष 2014 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने पोलियो मुक्त घोषित किया था। हालांकि, पड़ोसी देशों अफगानिस्तान और पाकिस्तान में अब भी पोलियो के मामले सामने आने के कारण सतर्कता बनाए रखना जरूरी है। इसी उद्देश्य से देशभर में समय-समय पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है, ताकि भारत पोलियो मुक्त बना रहे। कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. माधव प्रसाद हासानी, जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और शासकीय पॉलीक्लिनिक हुकुमचंद का चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे