इंदौर के फूटी कोठी चौराहे से निगम ने हटाई सालों पुरानी सब्जी मंडी, कार्रवाई का विरोध
इंदौर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के फूटी कोठी चौराहे के पास संचालित सालों पुरानी सब्जी मंडी को शनिवार को नगर निगम की रिमूवल टीम ने हटाने की कार्रवाई की। निगम की इस कार्रवाई का सब्जी व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने विरोध किया। मौके पर पहुंचीं नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने अधिकारियों से कार्रवाई रोकने की मांग की। वह व्यापारियों के साथ सड़क पर बैठ गईं और हाथ जोड़कर भी कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया, लेकिन निगम की टीम ने कार्रवाई जारी रखी।
विरोध के दौरान मिमरोट ने एक निगम अधिकारी को फोन कर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यहां पैसा कमाने की राजनीति चल रही है। अगर यहां रिमूवल की कार्रवाई हुई तो मुझसे बुरा कोई नहीं होगा। हम जान देने के लिए यहां खड़े हैं। हालांकि, उनके विरोध और आग्रह के बावजूद निगम की टीम पीछे नहीं हटी और ठेले सहित अन्य सामान हटाने की कार्रवाई जारी रखी।
ब्रिज के नीचे मंडी लगाने की मांग
सब्जी व्यापारियों और नेता प्रतिपक्ष की मांग थी कि व्यापारियों को फूटी कोठी चौराहे के पास ब्रिज के नीचे मंडी लगाने की अनुमति दी जाए। व्यापारियों का कहना है कि नगर निगम उन्हें जिस वैकल्पिक स्थान पर दुकानें लगाने के लिए जगह दे रहा है, वह पर्याप्त नहीं है। वहां जगह कम होने के कारण सभी व्यापारी अपना कारोबार नहीं कर पाएंगे। ऐसे में उन्हें ऐसी जगह दी जाए, जहां सभी का व्यवसाय प्रभावित न हो।
महिलाओं ने निगम के वाहन के सामने किया विरोध
कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाएं निगम के वाहन के सामने खड़ी हो गईं। इसी बीच एक महिला ने निगम के वाहन की चाबी भी निकाल ली, जिसे कुछ देर बाद वापस कर दिया गया। मौके पर विरोध बढ़ने पर पुलिस ने स्थिति संभाली। लगातार अधिकारियों से कार्रवाई रुकवाने की कोशिश कर रहीं नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट को भी पुलिस ने मौके से हटाकर एक तरफ कर दिया। मिमरोट ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और महापौर ने इसी स्थान पर सब्जी मंडी लगाने की बात कही थी। इसके बावजूद अब व्यापारियों की परेशानी पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वहीं, व्यापारियों का कहना है कि वैकल्पिक स्थान पर पर्याप्त जगह नहीं होने से उनके रोजगार पर असर पड़ेगा। उन्होंने निगम प्रशासन से ब्रिज के नीचे मंडी लगाने की अनुमति देने की मांग दोहराई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे