इंदौर नगर निगम का उपयंत्री 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते ट्रैप

 


इंदौर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर नगर निगम में रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को जोन-13 में पदस्थ उपयंत्री हर्ष गहलोत के खिलाफ कार्रवाई की। लोकायुक्त की टीम ने उन्हें शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये लेते हुए ट्रैप किया।

आरोप है कि पानी के टैंकर के तीन महीने के लंबित बिल का भुगतान कराने और लॉगबुक का सत्यापन करने के बदले 6 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। कार्रवाई चाणक्यपुरी चौराहे पर हनुमान मंदिर के सामने की गई।

मामले में नायता मुंडला निवासी सोहेल पटेल ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी। शिकायत के मुताबिक, उन्होंने अपना पानी का टैंकर नगर निगम में अटैच कराया था। इसके तीन महीने का कुल 1 लाख 12 हजार 500 रुपये का भुगतान लंबित था। बिल भुगतान की प्रक्रिया के लिए लॉगबुक का सत्यापन किया जाना था। शिकायतकर्ता का आरोप था कि लॉगबुक का सत्यापन कर बिल भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में उपयंत्री हर्ष गहलोत ने उनसे 6 हजार रुपये की मांग की थी। रिश्वत की मांग से संबंधित शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया।

शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल

शिकायत का सत्यापन किए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। बुधवार को चाणक्यपुरी चौराहे पर हनुमान मंदिर के सामने कार्रवाई के दौरान उपयंत्री को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया। शिकायत में 6 हजार रुपए मांगे जाने का आरोप था, जबकि कार्रवाई के दौरान 5 हजार रुपए लेते हुए पकड़े जाने की जानकारी सामने आई। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी उपयंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज किए जाने की जानकारी दी है। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे