मप्र के इंदौर के सिंहासा गांव में बेकरी में भीषण आग, 10 टैंकर पानी के बाद पाया गया काबू, शॉर्ट सर्किट की आशंका

 


इंदौर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर के धार रोड स्थित सिंहासा गांव में बुधवार सुबह एक बेकरी फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसका धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9 बजे सुफ्फा बेकरी में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के समय अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। शुरुआती प्रयासों में आग पर काबू पाने में काफी कठिनाई आई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पानी के टैंकर बुलाए गए और करीब 10 टैंकर पानी डालने के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। फिलहाल एहतियात के तौर पर दमकल टीम मौके पर तैनात है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना के दौरान उठता घना धुआं दूर-दूर तक नजर आ रहा था। बेकरी के आसपास नमकीन कारखाने और गोदाम होने के कारण आग फैलने का खतरा भी बढ़ गया था, लेकिन समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। स्थानीय गार्ड ने सबसे पहले धुआं उठता देखा और तुरंत फायर स्टेशन को सूचना दी, जिसके बाद दमकल विभाग ने तेजी से कार्रवाई की।

उल्‍लेखनीय है कि घटना के समय फैक्ट्री के अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल अंदर जले हुए मटेरियल के कारण धुआं निकलना जारी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे