इंदौर के फूटी कोठी मंडी विवाद में रहवासी और सब्जी विक्रेता आमने-सामने, पुलिस ने संभाली स्थिति
इंदौर, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर के फूटी कोठी चौराहे पर सब्जी मंडी हटाने का विवाद अब नगर निगम और सब्जी विक्रेताओं के बीच से निकलकर रहवासियों तक पहुंच गया है। मंगलवार को पुरानी जगह पर दोबारा दुकानें लगाने पहुंचे सब्जी और फल विक्रेताओं का रहवासियों ने विरोध किया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
रहवासियों का कहना था कि वे चौराहे के पास दोबारा मंडी नहीं लगने देंगे, जबकि विक्रेता अपनी पुरानी जगह पर ही कारोबार करने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया।
मंगलवार सुबह सब्जी और फल विक्रेता फूटी कोठी चौराहे के पास पहुंचे और टाट-पट्टी बिछाकर दुकानें लगाने लगे। इसकी जानकारी मिलने पर नगर निगम ने वाहन से मुनादी कराई। विक्रेताओं को निगम की ओर से निर्धारित वैकल्पिक स्थान पर दुकानें लगाने की हिदायत दी गई। इसके बावजूद विक्रेता पुरानी जगह छोड़ने को तैयार नहीं हुए। इसी बीच रहवासी भी विरोध करने पहुंच गए। उन्होंने मंडी दोबारा शुरू करने पर आपत्ति जताई। विरोध के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी रहवासियों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने कांग्रेस नेताओं से वापस जाने को कहा।
कांग्रेस ने किया विक्रेताओं का समर्थन
सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे भी फूटी कोठी चौराहे पहुंचे। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने विक्रेताओं के ठेले और दुकानें जब्त कर ली हैं, लेकिन इससे उनका रोजगार खत्म नहीं किया जा सकता। विक्रेता टाट-पट्टी बिछाकर भी कारोबार करेंगे और कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। चौकसे ने पहले ही मंगलवार को पुरानी जगह पर मंडी लगाने की घोषणा की थी। कांग्रेस का कहना है कि नगर निगम को विक्रेताओं के लिए ऐसी जगह उपलब्ध करानी चाहिए, जहां वे अपना पुराना कारोबार जारी रख सकें।
रहवासियों की आपत्ति से बढ़ा विवाद
अब तक मंडी का मुद्दा नगर निगम की कार्रवाई और विक्रेताओं के रोजगार तक सीमित था, लेकिन मंगलवार को रहवासियों के विरोध ने विवाद को नया मोड़ दे दिया। रहवासियों की आपत्ति है कि चौराहे के पास दोबारा मंडी लगने से आसपास के क्षेत्र में परेशानी होगी। इसी वजह से वे पुरानी जगह पर दुकानें लगाने का विरोध कर रहे हैं। दूसरी ओर, विक्रेताओं का कहना है कि वे वर्षों से इसी स्थान पर कारोबार कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें अचानक दूसरी जगह भेजने से उनकी आजीविका प्रभावित होगी। दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनने से विवाद बढ़ रहा है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बीच टकराव रोकने के लिए मौके पर मौजूद रही।
शनिवार को हटाई थी सालों पुरानी मंडी
दरअसल, शनिवार को नगर निगम की रिमूवल टीम ने फूटी कोठी चौराहे के पास लगने वाली वर्षों पुरानी सब्जी मंडी हटाई थी। कार्रवाई के दौरान विक्रेताओं के ठेले और दुकानें भी जब्त की गई थीं। इसके बाद से ही विक्रेता विरोध कर रहे हैं। शनिवार को नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने भी कार्रवाई का विरोध किया था, लेकिन निगम की टीम ने मंडी हटा दी। विक्रेताओं का कहना है कि ब्रिज निर्माण के दौरान महापौर ने ब्रिज के नीचे ही मंडी लगाने की बात कही थी। अब उन्हें दूसरी जगह दुकानें लगाने के लिए कहा जा रहा है। उनका तर्क है कि पुरानी जगह पर वर्षों से ग्राहक आते रहे हैं। दूसरी जगह जाने से कारोबार प्रभावित होगा। इसलिए उनकी मांग है कि ब्रिज के नीचे ही दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए।
सोमवार को निगम मुख्यालय का किया था घेराव
मंडी हटाने के विरोध में रविवार को कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया था। इसके बाद सोमवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट, कांग्रेस पार्षदों, कार्यकर्ताओं और सब्जी विक्रेताओं ने नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया था। प्रदर्शन के बाद ज्ञापन सौंपकर महापौर और निगम प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की गई थी। कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर और संभागायुक्त से भी मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की थी। कांग्रेस का दावा है कि मंडी हटने से करीब 450 परिवारों के रोजगार पर असर पड़ा है। वहीं, विक्रेताओं के समर्थन में समाजसेवी प्रहलाद पांडेय भी अनशन कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे